सिवनी: जिले के धूमा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राज्यमार्ग 34 पर एक दुर्घटना में 6 मवेशियों की मौत हो गई। रात के समय वाहन ने सड़क किनारे बैठे मवेशियों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को दी।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। राष्ट्रीय राज्यमार्ग के कर्मचारी और अन्य कर्मचारी भी घटनास्थल पर आए। जेसीबी की मदद से मृत मवेशियों को हटाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां लोगों और वाहनों का आवागमन अधिक होता है। अगर घटना के समय वहां लोग या अन्य वाहन मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि ये मवेशी किन पशुपालकों के थे।धूमा थाना प्रभारी शत्रुघ्न पटले ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एन एच 34 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कुछ मवेशियों की मौत हो गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
