दुर्ग में ईडी ने की भाजपा नेता एवं कारोबारी चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर छापेमारी, वित्तीय लेन-देन की जांच तेज

दुर्ग, 30 अप्रैल ( वार्ता) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं उद्योगपति चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से जिले के राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हलचल देखी जा रही है।आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम सुबह लगभग छह बजे कई वाहनों के साथ पुलगांव क्षेत्र स्थित महेश कॉलोनी में राठी के निवास पर पहुंची। इसी दौरान एक अन्य टीम ने उनके कार्यालय पर भी दबिश दी। कार्रवाई में 12 से अधिक अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कथित वित्तीय अनियमितताओं और कंपनियों से जुड़े लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है। जांच के दायरे में राठी से संबंधित कई फर्में शामिल हैं, जिनमें अमर इंफ्रास्ट्रक्चर (अमर बिल्डीकॉन), अमर महाबीर कोल माइन्स, अमर प्राइवेट लिमिटेड तथा टार कारपेट प्राइवेट लिमिटेड प्रमुख हैं। ईडी अधिकारी इन कंपनियों के बैंकिंग लेन-देन, अनुबंधों और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि चतुर्भुज राठी का मुख्य व्यवसाय सरकारी ठेकों, विशेषकर सड़क एवं पुल निर्माण से जुड़ा रहा है। इसके अलावा वे वाणिज्यिक परिसरों और कोयला खनन क्षेत्र में भी सक्रिय बताए जाते हैं। इन्हीं गतिविधियों से संबंधित वित्तीय पहलुओं की जांच एजेंसी द्वारा की जा रही है।

राठी का राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय जुड़ाव रहा है और वे भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में कार्य करते रहे हैं। पिछली विधानसभा चुनाव में उन्होंने दुर्ग शहर से टिकट के लिए दावेदारी भी की थी।

गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव से पूर्व आयकर विभाग द्वारा भी उनके विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की गई थी, जिसमें कई दस्तावेजों की जांच की गई थी।

फिलहाल ईडी की टीम दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटी हुई है। कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।

 

 

Next Post

चुनाव आयोग ने के कविता की नयी पार्टी का नाम 'तेलंगाना राष्ट्र सेना' मंजूर किया

Thu Apr 30 , 2026
हैदराबाद, 30 अप्रैल (वार्ता) चुनाव आयोग ने के. कविता की नयी राजनीतिक पार्टी को आधिकारिक तौर पर ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ के रूप में मंजूरी दे दी है। सुश्री कविता ने इस महीने की शुरुआत में मेडचल के अद्वय कन्वेंशन सेंटर में पार्टी के नाम की घोषणा की थी। नियत प्रक्रिया […]

You May Like

मनोरंजन