कोरसर कोठार: विभाग की सुस्ती ने छीनी पंचायत भवन की रोशनी, आवेदन के महीनों बाद भी नहीं लगे खंभे

चितरंगी। जिले के चितरंगी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार में लाखों रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन आज भी अंधेरे के साए में पड़ा हुआ है। लगभग 37 लाख 49 हजार रुपये की लागत से तैयार यह भवन क्षेत्र के सबसे सुंदर पंचायत भवनों में गिना जाता है, लेकिन विडंबना यह है कि आज तक यहां बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है।

ग्राम पंचायत कोरसर कोठार के सरपंच विद्यासागर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत द्वारा 28 अक्टूबर 2025 को मध्य प्रदेश पूर्व विद्युत वितरण कंपनी के जूनियर इंजीनियर को विधिवत आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस आवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था कि पंचायत भवन में ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए 10 बिजली खंभों की आवश्यकता है। इसके बावजूद आज दिनांक तक विद्युत विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ट्रांसफार्मर न लगने के कारण पंचायत भवन में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, जिससे पंचायत के दैनिक कार्यों में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, बैठकों और अन्य प्रशासनिक कार्यों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब इतनी बड़ी राशि खर्च कर भवन का निर्माण किया गया है, तो उसकी उपयोगिता सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भवन का सही उपयोग हो सके और विकास कार्यों को गति मिल सके। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर समाधान करता है।

Next Post

आईसीडी ट्यूब डालकर बचाई मरीज की जान

Wed Apr 29 , 2026
बड़वानी। जिला अस्पताल के इमरजेंसी ओपीडी में 19 अप्रैल 2026 को मरीज हिरालाल पिता सेकडिय़ा सडक़ दुर्घटना में घायल को लाया गया था। जहां ड्यूटी डॉक्टर द्वारा मरीज की गंभीर अवस्था होने से मेल सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया। मरीज का ऑक्सीजन स्तर 84 प्रतिशत था। डॉ अनिल जामोद […]

You May Like