
सीहोर। नजदीकी ग्राम रायपुरा नयाखेड़ा में प्रशासन ने 26 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया. कॉलोनाइजरों को कड़ी चेतावनी भी दी गई है.
गौरतलब है कि तमाम नियम-कायदों को दरकिनार कर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियां काटकर प्लॉट बेचने का सिलसिला लगातार जारी है. इसी क्रम में बुधवार को प्रशासन ने रायपुरा नयाखेड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया. उल्लेखनीय है कि रायपुरा नयाखेड़ा क्षेत्र में करीब 26 एकड़ जमीन पर ड्रीम बुल्स नाम से अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी. कॉलोनी को दीपक ठाकुर और राकेश ठाकुर द्वारा बिना अनुमति के काटा जा रहा था. सूचना मिलने पर तहसीलदार भरत नायक राजस्व व पुलिस अमले के साथ मौके पर पहुंचे.
प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान कॉलोनी के अंदर किए गए कच्चे और पक्के निर्माण को जेसीबी मशीन से तोड़कर जमीन समतल कर दी गई. प्रशासन की इस सख्ती से आसपास के अन्य अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया, कई लोग मौके से फरार हो गए. तहसीलदार भरत नायक ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ लगातार इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी.
