
बोड़ा। थाना प्रभारी बोडा उप निरीक्षक देवेन्द्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में थाना बोडा पुलिस टीम द्वारा चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया संपूर्ण मसरूका बरामद किया गया. घटना 17 जून की है. फरियादी राजेन्द्र पाटीदार पिता हीरालाल पाटीदार निवासी पचोर द्वारा थाना बोडा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि ग्राम रोसला जागीर स्थित उनके खेत पर बने मकान में रखे सोयाबीन, लहसुन एवं इनवर्टर बैटरी अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गई है.
पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्धों की पहचान की गई. पूछताछ के दौरान आरोपी सुमेर उर्फ सुखराम ने अपने साथी मोहन के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया. आरोपियों ने बताया कि फरियादी के घर पर लंबे समय से ताला लगा होने तथा अंदर सोयाबीन एवं लहसुन भरा होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने पिकअप वाहन की सहायता से उक्त सामग्री चोरी कर बाजार में बेच दी तथा प्राप्त राशि अपनी साथी पुष्पाबाई के पास रखवा दी. गिरफ्तार आरोपियों में मोहन पिता देवसिंह राजपूत, उम्र 40 वर्ष, निवासी ढाबला, सुमेर उर्फ सुखराम पिता प्रताप सिंह चोरसिया राजपूत, उम्र 38 वर्ष, एवं पुष्पाबाई पति प्रेमसिंह मालवीय, उम्र 37 वर्ष दोनों निवासी ग्राम रोसला जागीर बोडा शामिल है. आरोपियों से 1 लाख 75 हजार नगद, 08 क्विंटल सोयाबीन, एक इनवर्टर कीमती लगभग 20 हजार एवं घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप, सोनालिका ट्रैक्टर जब्त किया है.
