बढ़ती गर्मी को लेकर हरियाणा में स्वास्थ्य अलर्ट जारी

चंडीगढ़, 28 अप्रैल (वार्ता) हरियाणा सरकार ने बढ़ते तापमान और संभावित लू की स्थिति को देखते हुए राज्यभर में स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी जारी की है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि नागरिकों को गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाने और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों को मजबूत करने के लिए व्यापक जन-स्वास्थ्य सलाह लागू की गयी है।

राज्य के सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखते हुए हीट-हेल्थ एक्शन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिये गये हैं। अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में आवश्यक दवाएं, ओआरएस, तरल पदार्थ और शीतलन उपकरण उपलब्ध कराने को कहा गया है। हीटस्ट्रोक प्रबंधन के लिए विशेष इकाइयां स्थापित की जा रही हैं और एम्बुलेंस सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी लू की चेतावनियों का नियमित प्रसारण सुनिश्चित किया जाएगा, जबकि गर्मी से संबंधित बीमारियों की दैनिक निगरानी अनिवार्य कर दी गयी है। चिकित्सा और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सरकार ने नागरिकों को दोपहर 12 से अपराह्न तीन बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और सिर ढककर रखने की सलाह दी है। नींबू पानी, लस्सी और ताजे फलों के रस

जैसे पेय पदार्थों के सेवन पर जोर दिया गया है, जबकि शराब, कैफीन और मीठे पेय से बचने को कहा गया है।

बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बाहरी कामगारों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है। नियोक्ताओं को श्रमिकों के लिए पानी, छाया और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि लू या निर्जलीकरण के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Next Post

शराब के लिए पैसे न देने पर घर में घुसकर खूनी संघर्ष, महिलाओं और बच्चों को बेरहमी से पीटा

Tue Apr 28 , 2026
टीकमगढ़। जिले के मजना पुलिस चौकी क्षेत्र के रायपुर गांव में शराब के लिए पैसे न देने पर दो युवकों ने एक परिवार पर घर में घुसकर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पीड़ित परिवार […]

You May Like