कार कीचड़ में फंसी तो साढ़े 10 लाख का गांजा छोड़ भागा तस्कर

जबलपुर। रिमझिम बारिश के बीच अमझर घाटी में लगी पुलिस चेकिंग को देखकर एक कार चालक ने तेजी से गाड़ी को रिवर्स कर भागने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने जब पीछा किया, तो हड़बड़ाहट में तस्कर की कार कीचड़ में धंस गई। इसके बाद आरोपी कार को चालू हालत में ही छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने कार की डिक्की से करीब साढ़े 10 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है।

खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि रात पुलिस टीम अमझर घाटी में वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक अल्टो कार क्रमांक सीजी 04 एच बी 6745 आती हुई दिखाई दी। कार चालक ने जैसे ही दूर से पुलिस का चेकिंग पॉइंट देखा, वह घबरा गया। उसने तत्काल कार को रोककर उसे वापस मोड़ने का प्रयास किया। चालक की इस संदिग्ध हरकत को भांपते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और बिना वक्त गंवाए कार को दबोचने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़ी। पुलिस को पीछे आता देख आरोपी ने रफ्तार बढ़ानी चाही, लेकिन सड़क किनारे जमा कीचड़ में उसकी अल्टो कार बुरी तरह फंस गई। पहिए फ्री घूमने लगे और गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकी। खुद को चारों तरफ से घिरता देख शातिर तस्कर गाड़ी को स्टार्ट हालत में ही छोड़कर घने अंधेरे का फायदा उठाते हुए नौ दो ग्यारह हो गया। पुलिस टीम ने जब लावारिस हालत में खड़ी कार की तलाशी ली, तो डिक्की के अंदर नीले-सफेद रंग के थैले और दो प्लास्टिक की बोरियां ठंसकर रखी हुई थीं। बोरियों को खोलने पर उनमें से 10 बड़े पैकेट बरामद हुए। एनडीपीएस एक्ट के नियमों के तहत जब इन पैकेटों का वजन कराया गया, तो उसमें कुल 20 किलो 433 ग्राम अवैध गांजा मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की कीमत लगभग 10 लाख 21 हजार 650 रुपये आंकी गई है।

तस्कर की तलाश में छापेमारी

खमरिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार को मौके पर ही जप्त कर लिया है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी के ठिकानों का पता लगाया जा रहा है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Next Post

संस्कार कांवड़ यात्रा सुरक्षित, भव्य रूप से संपन्न हो: महापौर

Fri Jul 31 , 2026
जबलपुर। संस्कार कांवड़ यात्रा और गुप्तेश्वर मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय है। जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम से एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर संयुक्त रूप से संपूर्ण यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया जाए, ताकि सडक़, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं का समय रहते समाधान […]

You May Like