
देवास। बालगढ़ रोड स्थित खेत के पास बनी झुग्गियों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में कई झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। इस दर्दनाक घटना में झुग्गी में बंधा एक गाय का बछड़ा जिंदा जल गया।
बताया जा रहा है कि झुग्गियों में रहने वाले कुछ लोग पास ही एक शादी समारोह में गए हुए थे, जिसके कारण कई झोपड़ियां खाली थीं। इसी दौरान आग लग गई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह खेत बीज निगम का बताया जा रहा है। आसपास के लोगों का कहना है कि खेत में नरवाई (फसल अवशेष) जलाने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से आग फैलकर झुग्गियों तक पहुंची।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया। घटना की जांच की जा रही है।
