नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) पर आरोप लगाया है कि वह ‘आम आदमी’ की नहीं बल्कि ‘अरबपतियों की पार्टी’ बन गई है और राज्यसभा चुनाव के लिए टिकट योग्यता नहीं पैसे की ‘योग्यता’ के आधार पर दी जाती है। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में आप पर सीधा निशाना साधा और कहा कि उसने योग्य लोगों को राज्यसभा भेजने के बजाय धनकुबेरों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने दावा किया कि आप के सात राज्यसभा सांसदों के शपथपत्रों के अनुसार उनकी औसत संपत्ति 818 करोड़ रुपये से अधिक है, जिससे स्पष्ट होता है कि पार्टी में आर्थिक हैसियत को महत्व दिया जाता है।
कांग्रेस ने 2017 के राज्यसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि सुशील गुप्ता उस समय आप में शामिल हुए और बाद में राज्यसभा भेजे गए, जिससे पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं। कांग्रेस नेता ने आप पर भारतीय जनता पार्टी )भाजपा) की ‘बी टीम’ के रूप में काम कर करने का भी आरोप लगाया और कहा कि यह पार्टी वहीं चुनाव लड़ती है जहां कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होता है, ताकि कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित जैसे अनुभवी प्रशासकों को भी आप और उसके नेता अरविंद केजरीवाल ने बदनाम करने की पूरी कोशिश की। कांग्रेस नेता ने कहा कि इन तथ्यों से स्पष्ट है कि आप का ‘आम आदमी’ होने का उसका दावा वास्तविकता से दूर है इसलिए उसे अपने नाम पर पुनर्विचार करना चाहिए।

