जम्मू, 04 जनवरी (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को दक्षिण कश्मीर के अलग-अलग जिलों के 25 युवाओं के एक समूह को 10 दिन के शैक्षणिक, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सांप्रदायिक सद्भाव यात्रा के लिये हरी झंडी दिखायी।
श्री सिन्हा ने युवाओं से बातचीत की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस यात्रा के दौरान, छात्र और उभरते युवा नेता चंडीगढ़, हरियाणा और शिमला सहित कई जगहों का दौरा करेंगे।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक इस दौरे का मकसद राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना तथा युवाओं को भारत की विविध विरासत और तेजी से हो रही विकास प्रगति का सीधा अनुभव देना है। इस कार्यक्रम का समन्वय ‘प्रॉस्परस, अकाउंटेबल एंड ट्रांसपेरेंट जम्मू-कश्मीर’ नाम के गैर-सरकारी संगठन ने हरियाणा मीडिया संगठन और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, जम्मू के सहयोग से किया है।
