फतेहपुर में गैस सिलेंडर से भड़की आग में चार झुलसे

फतेहपुर, 27 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को गैस सिलेंडर से लगी आग में एक घर जलकर राख हो गया, जबकि एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव निवासी कविता की बेटी की शादी तय थी और 28 अप्रैल को बारात आनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान सोमवार सुबह अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कविता सहित चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन कर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

 

Next Post

अपनी माटी से दूर रहकर भी संस्कृति को सहेजे हुए हैं प्रवासी राजस्थानी : भजनलाल

Mon Apr 27 , 2026
जयपुर, 27 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों को राजस्थान का सांस्कृतिक राजदूत बताते हुए कहा है कि वे अपनी माटी से दूर रहकर भी प्रदेश की संस्कृति को सहेजे हुए हैं और परंपराओं का निर्वहन कर रहे हैं। श्री शर्मा रविवार को बेंगलुरु स्थित लोकभवन […]

You May Like