वाशिंगटन, 28 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे का समर्थन किया है जिसमें कहा गया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य के मुख्य नौवहन मार्ग अब समुद्र में बिछाई जाने वाली बारूदी सुरंगों से पूरी तरह मुक्त हैं।
एडमिरल कूपर ने कहा कि यह महत्वपूर्ण जलमार्ग “खुला है और इसमें वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही की गति बढ़ रही है”।
गुरुवार को जारी एक वीडियो बयान में एडमिरल कूपर ने जानकारी दी कि अमेरिकी नौसेना के गोताखोरों, सील और वायु सेना के सहयोग से महीनों पहले ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की बिछाई बारूदी सुरंगों को “अत्यंत सावधानी और शांतिपूर्वक” साफ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना के इस प्रयास के बाद जलडमरूमध्य के अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त मार्ग अब पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने भी कहा कि अमेरिकी सेना ने बुधवार रात 24 तेल टैंकरों को जलडमरूमध्य से सुरक्षित पार कराने में मदद की। हालांकि, क्षेत्र में तनाव से पहले रोजाना गुजरने वाले लगभग 120 जहाजों की तुलना में यह संख्या अभी भी काफी कम है। ईरान के साथ समन्वय के बिना यात्रा करने वाले जहाजों पर संभावित खतरों के कारण कई वाणिज्यिक शिपिंग कंपनियां अभी भी इस मार्ग का उपयोग करने से कतरा रही हैं।
एडमिरल कूपर के अनुसार, अमेरिकी सेना ने पिछले कुछ महीनों में समन्वित सुरक्षा प्रदान करके लगभग 1,500 वाणिज्यिक जहाजों को सुरक्षित पार कराया है, जिनमें करीब 75 करोड़ बैरल कच्चा तेल ले जाया गया। उन्होंने दावा किया कि मध्य जुलाई में अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी लागू होने के बाद से ईरान अपने तटों से तेल का निर्यात नहीं कर सका है। दूसरी ओर, ईरानी तेल मंत्री मोहसेन पाकनेजाद ने माना कि उनके निर्यात में कुछ गिरावट आई है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय व दूरस्थ जलक्षेत्रों में उनके ग्राहकों तक तेल की बिक्री अभी भी जारी है।
