दतिया: कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और एसपी सूरज वर्मा जिले के ग्राम बीकर पहुंचे। अफसरों ने न सिर्फ चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बल्कि पूरी रात गांव में ही विश्राम कर जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया. इस दौरे में एक भावुक कर देने वाला क्षण तब आया जब रात 10 बजे गांव के एक बुजुर्ग कलेक्टर से मिलने पहुंचे. कलेक्टर वानखड़े ने बताया, “हमारा भोजन हो चुका था, तभी एक दादाजी आए और आग्रह किया कि मेरे एक साल के पोते का जन्मदिन है, कृपया घर आएं.” उनके निमंत्रण को हम मना नहीं कर पाए और मैं व एसपी उनके घर पहुंचे.
बच्चे को गोद में लेकर आशीर्वाद दिया और परिवार के साथ समय बिताया. यह जुड़ाव और विश्वास का एक सशक्त अनुभव था.रात्रि विश्राम के बाद अगली सुबह कलेक्टर और एसपी पैदल ही गांव की गलियों में निकल पड़े. कलेक्टर कई किसानों के घर पहुंचे, जहां उन्होंने चाय-पानी ग्रहण किया और खेती-बाड़ी व पारिवारिक विषयों पर चर्चा की. उन्होंने मुख्यमंत्री की किसान कल्याण योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं से ग्रामीणों को रूबरू कराया.
