ग्वालियर: आम आदमी पार्टी, मध्य प्रदेश द्वारा संगठन नया विस्तार को लेकर प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों का महा सम्मेलन ग्वालियर स्थित बाल भवन में आयोजित किया गया। सम्मेलन से प्रदेश प्रभारी द्वारा आम आदमी पार्टी के संभागीय कार्यालय, ठाटीपुर का उद्घाटन भी किया गया।सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेन्द्र सिंह तोमर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली से तीन बार के विधायक मॉडल टाउन पूर्व विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी एवं प्रदेश सह प्रभारी सुरजीत सिंह पवार उपस्थित रहे, इसके साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर एवं प्रदेश संगठन मंत्री अमित शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
ग्वालियर संभाग के पदाधिकारी सम्मेलन में ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, पिछोर, कोलारस और बदरवास सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। स्वागत भाषण ग्वालियर शहर जिलाध्यक्ष त्रिलोचन सिंह ने किया। बैठक में संगठन को हर विधानसभा, वार्ड, बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी रणनीति तथा जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई जिसके लिए आगामी 5 माह का लक्ष्य संगठन को बूथ तक ग्वालियर संभाग में तय किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि “आम आदमी पार्टी की झाड़ू को हर घर तक पहुंचाने का काम करें तथा अपने-अपने स्तर पर संगठन को मजबूती प्रदान करें।” सम्मेलन के दौरान सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। सम्मेलन को प्रदेश उपाध्यक्ष संभाग प्रभारी मनीक्षा तोमर, प्रदेश संगठन मंत्री ग्वालियर संभाग प्रभारी अमित शर्मा ने भी संबोधित किया।
