दहके सूर्यदेव, इस मौसम का सुपर हॉट रहा सण्डे

सतना : फागुन महीने में ही 40 डिग्री पहुंचने को बेताब हुए पारे ने आगे आने वाली भीषण गर्मी के संकेत देने शुरु कर दिए थे. लेकिन बैसाख में गर्मी का इतना प्रचंड रुप देखने को मिलेगा इसका अंदाजा नहीं था. आलम यह है कि अप्रैल महीने का उत्तरार्ध शुरु होते ही सूर्यदेव ने दहकना शुरु कर दिया है. नतीजतन एक ओर जहां रविवार इस मौसम में अब तक का सबसे अधिक गर्म दिन साबित हुआ.वहीं दूसरी ओर अधिकतम तापमान सामान्य की तुलना में ढाई डिग्री ऊपर चढ़ गया.

मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. हलांकि दिन के इस तापमान में पिछले 24 घंटे में महज 0.3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा ही देखने को मिला. लेकिन इसके बावजूद भी रविवार को यह सामान्य की तुलना में 2.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चढ़ गया. इतना ही नहीं बल्कि रात के समय के न्यूनतम तापमान में भी जबरदस्त बढ़ोत्तरी दर्ज की गई. शनिवार-रविवार की दरमियानी रात शहर में न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस आंका गया. इस न्यूनतम तापमान में एक ओर जहां पिछले 24 घंटे में 2.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी देखने को मिली.

वहीं दूसरी ओर यह सामान्य की तुलना में 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. मौसम के तीखे तेवर का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि 43.6 डिग्री सेल्सियस के तापमान के साथ-साथ हवा में नमी की मात्रा भी घटकर महज 27 से लेकर 19 फीसदी के बीच रह गई. नतीजतन सूखी गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को हलाकान करने में कोई कसर नहीं रख छोड़ी. गौरतलब है कि शनिवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था.

लेकिन रविवार की सुबह होते ही सूर्यदेव ने आग उगलनी शुरु कर दी. आलम यह रहा कि दोपहर होते-होते सूर्यदेव ने दहकना शुरु कर दिया. एक तो रविवार को छुट्टी का दिन और वहीं दूसरी ओर जबरदस्त गर्मी, इन दोनों कारकों ने मिलकर दिन के समय अघोषित कफ्र्यू लगाए रखा. यहां तक कि शाम होने के बाद भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ और देर शाम तक गर्म हवाओं की आंच महसूस की जाती रही.
 मिल सकती है फौरी राहत
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुपर हाट सण्डे के बाद अगले 2 दिनों ततक मौसम में विशेष फेरबदल की गुंजाइश कम ही नजर आ रही है. अलबत्ता दिन के अधिकतम तापमान के बाद रात का तापमान बढऩे की संभावना भी बनी रहेगी. हलांकि देश के उत्तरी पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वोत्तर क्षेत्र के कुछ जिलों का मौसम प्रभावित हो सकता है. जिसके चलते कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है. जिसकी वजह से 29 अप्रैल से अधिकतम तापमान में तकरीबन 2 डिग्री की कमी देखने को मिल सकती है. हलांकि यह राहत फौरी ही रहेगी. जिसके बाद एक बार फिर शुष्क पश्चिमी हवाएं विंध्य को प्रभावित करने लगेंगी.

Next Post

होर्मुज खोलने पर माना ईरान, पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को भेजा नया प्रस्ताव, अब बस ट्रंप के जवाब का इंतजार

Mon Apr 27 , 2026
ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को शांति प्रस्ताव भेजा है, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने और युद्धविराम की पेशकश है। हालांकि, तेहरान फिलहाल परमाणु मुद्दे पर बातचीत टालना चाहता है। ईरान ने अमेरिका के सामने एक अहम कूटनीतिक प्रस्ताव रखा है, जिसमें क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में […]

You May Like