फरहान अख्तर के लिए एक्टिंग और डायरेक्शन से ज्यादा जरूरी खेल हैं। क्रिकेट और फुटबॉल को फरहान अख्तर अपनी जिंदगी का दूसरा प्यार मानते हैं।
मुंबई में जन्मे फरहान अख्तर सिर्फ बॉलीवुड के सफल अभिनेता, निर्देशक और गायक ही नहीं हैं, बल्कि एक ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिनकी जिंदगी में कला के साथ-साथ खेलों का भी खास स्थान है। फरहान की परवरिश एक खुले और प्रगतिशील माहौल में हुई, जहां उन्हें सवाल पूछने, नई चीजें सीखने और अपनी सोच को आज़ादी से रखने की प्रेरणा मिली। उनके पिता जावेद अख्तर और मां हनी ईरानी ने कभी भी उन पर किसी तरह की सामाजिक या धार्मिक बंदिशें नहीं थोपीं, जिसका असर उनकी सोच और करियर दोनों में साफ दिखाई देता है।
फरहान अख्तर का जन्म 9 जनवरी 1974 को मुंबई में हुआ था। बचपन से ही वह पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी काफी सक्रिय रहे। क्रिकेट और फुटबॉल उनके पसंदीदा खेल रहे हैं, जिन्हें वह अपनी जिंदगी का दूसरा प्यार कहते हैं। फरहान मानते हैं कि खेल न सिर्फ शारीरिक फिटनेस के लिए जरूरी हैं, बल्कि मानसिक तनाव को दूर करने का भी सबसे बेहतर तरीका हैं। आज भी वह शूटिंग के बीच या खाली समय में फुटबॉल खेलते हुए नजर आ जाते हैं।
