
अमरकंटक। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार को कक्षा 9वीं के छात्र कृत वर्मा (निवासी वेंकटनगर, अनूपपुर) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रावास में सहपाठियों ने उसे फंदे पर लटका देखा और तुरंत शिक्षकों को सूचना दी। स्टाफ द्वारा अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि कृत पढ़ाई में होनहार था और न्यूरोलॉजिस्ट बनना चाहता था, लेकिन हाल में स्कूल की पढ़ाई और भोजन की गुणवत्ता को लेकर असंतोष व्यक्त करता था। हालांकि उसने मानसिक तनाव की कोई बात घर पर साझा नहीं की थी।
कृत के बड़े पिता ने छात्रावास की व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने परिजनों से मुलाकात कर नाराजगी जताई और कहा कि यह प्रशासन की बड़ी लापरवाही है।
नवोदय विद्यालय समिति, भोपाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो प्राचार्यों की जांच टीम गठित कर अमरकंटक भेजा है। फिलहाल पुलिस और समिति दोनों ही जांच में जुटे हैं, जबकि विद्यालय परिसर में सहपाठी छात्र सहमे हुए हैं और उन्हें मानसिक परामर्श देने की तैयारी की जा रही है।
