तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शाम पांच तक 82.24 प्रतिशत मतदान

चेन्नई, 23 अप्रैल (वार्ता) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में गुरूवार शाम पांच बजे तक 82.24 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान प्रतिशत को देखते हुए ऐसा माना जा रहा है कि मतदाताओं में इसको लेकर खासा उत्साह है।

तमिलनाडु में एक ही चरण में चुनाव कराया गया है। राज्य की सभी 234 सीटों के लिए मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। भीषण गर्मी के बावजूद सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाता कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिये। जिससे मतदाताओं का उत्साह देखते ही बनता है।

राज्य के करुर जिले में शुरुआती शाम पांच बजे तक सबसे अधिक 89.32 प्रतिशत और कन्याकुमारी जिले में सबसे कम 73.44 प्रतिशत मतदान हुआ। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में 81.34 प्रतिशत मतदान हुआ और इसके अलावा अरियालूर जिले में 83.09 प्रतिशत, चेंगलपट्टू में 82.41, कोयम्बटूर में 82.33, कुड्डलोर में 81.91, धर्मपुरी में 87.28, डिंडगुल में 86.35, ईरोड मं 87.59, कल्लाकुरिचि में 84.22, कांचीपुरम में 84.92, कृष्णागिरि में 82.40, मदुरई में 77.89, मायिलादुथुरई में 78.41, नागापट्टिनम में 83.15, नामक्कल में 87.63, पेरेम्बलूर में 82.75, पुडुक्कोट़टई 81.55, रामनाथपुरम में 74.41, रानीपेट में 856.28, सलेम में 88.02, शिवगंगा में 74.44, तेनकासी में 79.28, थंजावूर में 78.07, नीलगिरी में 75.90, थेनी में 78.73, तिरुवललूर में 80.70, थिरुवल्लूर में 80.65, थूथूकुडी में 77.56, तिरुचिरापल्ली में 82.76, तिरुनेलवेली 75.10, तिरुपथूर में 85.28, तिरुप्पुर में 86.33, तिरुवान्नामलाई 85.59, वेल्लोर में 85.06, विलुप्पुरम में 85.45 और विरुधनगर में 82.16 प्रतिशत मतदान हुआ। सभी मतदान केन्द्रों में बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है।

चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं। राज्य भर में कुल 75,032 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इनमें से 5,938 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों की विशेष निगरानी की जा रही है। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की लगभग 300 कंपनियों को राज्य भर में विभिन्न मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है। कुल मिलाकर सुरक्षा व्यवस्था के तहत राज्य के लगभग 1.50 लाख सुरक्षा कर्मी तैनात किये गये हैं। इनमें 1.18 लाख नियमित पुलिसकर्मी, तथा 20,000 कर्मी रैपिड एक्शन फोर्स, होम गार्ड, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी शामिल हैं।

राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 443 महिला उम्मीदवार हैं। राज्य में 5.67 करोड़ मतदाताओं में से 2.70 करोड़ से अधिक पुरुष, 2.89 करोड़ महिलाएं और 7,728 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। राज्य में 18-19 आयु वर्ग में कुल 12.51 लाख तथा 20-29 आयु वर्ग में 1.05 करोड़ मतदाता हैं।

मतदान के बाद, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सील कर मतगणना केंद्रों के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ में रखा जाएगा, जहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।

तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ द्रविड़ मनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन और उसके मुख्य प्रतिद्वंदी अन्नाद्रमुक-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के बीच है। इस बार अभिनय की दुनिया से राजनीति के अखाड़े में उतरे अभिनेता सी जोसफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम ने कुछ सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के साथ-साथ महाराष्ट्र की दो विधानसभा सीटों और गुजरात की एक सीट पर उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहे हैं। जहां महाराष्ट्र के बारामती में तीन बजे तक 52.44 प्रतिशत और राहुरी में 50.68 प्रतिशत तथा गुजरात के उमरेथ में 54.43 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किये जायेंगे।

Next Post

डिप्टी कलेक्टर अंजली शर्मा बनीं टीकमगढ़ नगर पालिका की नई अध्यक्ष

Thu Apr 23 , 2026
टीकमगढ़। नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शासन ने डिप्टी कलेक्टर अंजली शर्मा को नगर पालिका अध्यक्ष पद का प्रभार सौंप दिया है। यह निर्णय पूर्व अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार को पद से पृथक किए जाने के बाद लिया गया है। गौरतलब है कि कांग्रेसी नगर पालिका […]

You May Like