बलियरी में मृत गोवंश के शवों का ढेर,सिटाडेल की कार्यप्रणाली कठघरे में

सिंगरौली । शहर में मृत मवेशियों के सुरक्षित निस्तारण की जिम्मेदारी आखिर कितनी गंभीरता से निभाई जा रही है, इसका जवाब नगर निगम क्षेत्र के बलियरी में सामने आए मामले से मांगा जा रहा है।

वार्ड क्रमांक 41 के खुले मैदान में मृत गोवंश के कई शव पड़े मिलने से न केवल अनुबंधित फर्म सिटाडेल की कार्यप्रणाली, बल्कि नगर निगम की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। जानकारी के अनुसार नगर निगम के सभी 45 वार्डों से मृत मवेशियों के शवों को उठाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारित करने की जिम्मेदारी सिटाडेल को सौंपी गई है। इसके बावजूद बलियरी में खुले मैदान में शव मिलने से व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि शव वहां किसने डाले और इसके पीछे क्या परिस्थितियां रहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दुर्गंध फैलने और संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका

खुले में शव पड़े रहने से आसपास दुर्गंध फैलने और संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में तत्काल सफाई और सुरक्षित निस्तारण जरूरी है। मामले में फर्म के प्रोजेक्ट मैनेजर की भूमिका को लेकर भी आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि नगर निगम द्वारा शवों के उठाव, परिवहन और निस्तारण की नियमित निगरानी की जा रही है या नहीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल शव हटवाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल नगर निगम प्रशासन और संबंधित फर्म का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

Next Post

अनपरा कॉलोनी के आवासों में बाहरी लोगों के रहने का मामला गरमाया 

Tue Oct 20 , 2026
अनपरा । अनपरा तापीय परियोजना की आवासीय कॉलोनी में बाहरी लोगों के कथित अनधिकृत निवास का मामला गरमाने लगा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परियोजना प्रबंधन ने रिक्त आवासों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को स्थलीय निरीक्षण, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी […]

You May Like