इंदौर: तिलक नगर थाना क्षेत्र में वाहनों में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी ने पारिवारिक तनाव और आपसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया था.थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि मंगलवार 21 जनवरी की रात करीब एक बजे फरियादी अंजली राय और पति विश्वजीत राय अपने घर में सो रहे थे. इसी दौरान बाहर से शोर सुनकर बाहर निकलीं तो उनकी एक्टिवा स्कूटी और साइकिल में आग लगी हुई थी. आग की चपेट में पड़ोसी की मोटरसाइकिल भी आ गई, वहीं घर को भी नुकसान पहुंचा. सूचना पर आरोपी के खिलाफ आगजनी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले को लेकर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई.
मानसिक रूप से बीमार है आरोपी
पुलिस टीम ने जांच के दौरान साक्षियों के कथन के आधार पर 51 वर्षीय बंटी सरकार निवासी स्कीम नंबर 140 को आरोपी पाया. जांच में सामने आया कि आरोपी मामा के बेटे से नाराज था और इसी गुस्से में उसकी व पास में खड़े वाहन में आग लगा दी. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया. वहीं परिजनों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं है और पहले भी स्वयं को चोट पहुंचा चुका है. पत्नी और बच्चों के उसे छोड़कर चले जाने से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था.
