स्टेशन पर छूटी 15 वर्षीय किशोरी, आरपीएफ ने परिजनों से मिलाया

जबलपुर। ट्रेन में सफर के दौरान बाथरूम जाने के लिए उतरी 15 वर्षीय किशोरी ट्रेन रवाना होने के कारण जबलपुर स्टेशन पर छूट गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने ऑपरेशन डिग्निटी के तहत प्लेटफार्म पर तलाश शुरू कर किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार किशोरी शबीरा ट्रेन नंबर 12791 से यात्रा कर रही थी। ट्रेन जबलपुर स्टेशन पर खड़ी थी, इसी दौरान वह बाथरूम जाने के लिए नीचे उतरी। वापस लौटने तक ट्रेन रवाना हो चुकी थी। सहयात्री के मोबाइल से उसके परिजन ने एमएस सेल को सूचना दी, जिसके बाद प्रधान आरक्षक राजेश कुमार चौहान और आरक्षक संदीप कठेरिया ने प्लेटफार्म नंबर 4 पर तलाश कर किशोरी को खोज निकाला। किशोरी को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट लाकर पूछताछ की गई और शिकायतकर्ता के मोबाइल पर सूचना दी गई। सुबह करीब 7.10 बजे मोहम्मद मुख्तार पोस्ट पर पहुंचे। किशोरी ने उन्हें पहचानकर जीजा बताया। मोबाइल पर उसकी बहन से भी बात कर पहचान की पुष्टि की गई। पूरी तस्दीक और दो गवाहों की मौजूदगी में आरपीएफ ने शबीरा को उसके जीजा मोहम्मद मुख्तार पिता मोहम्मद सिद्दीक, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम गिधवास, वार्ड नंबर 10, थाना रानीगंज, जिला अररिया (बिहार) के सुपुर्द कर दिया। परिजनों से सुपुर्दगी की पावती भी प्राप्त की गई।

Next Post

गंभीर ईंधन संकट के बीच पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 1,000 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने की आशंका

Wed Sep 23 , 2026
इस्लामाबाद, 23 सितंबर (वार्ता) वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और गंभीर ईंधन संकट के कारण पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 1,000 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकती है। पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने चेतावनी देते हुए कह चुके हैं कि अगर देश में […]

You May Like