भोपाल। राजधानी भोपाल में मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों में एक साथ काम चल रहा है, जबकि भोपाल रेलवे जंक्शन क्षेत्र में लगभग 3 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड कॉरिडोर का निर्माण भी जारी है। मेट्रो अधिकारियों का लक्ष्य ब्लू लाइन के निर्माण कार्य को वर्ष 2028 तक पूरा करना है, जिससे शहर के लाखों यात्रियों को आधुनिक और तेज़ सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
भोपाल मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण के रूप में विकसित की जा रही ब्लू लाइन शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लाइन होगी। यह कॉरिडोर रत्नागिरी तिराहा से भदभदा चौराहा तक प्रस्तावित है। ब्लू लाइन की अनुमानित लंबाई करीब 14 किलोमीटर होगी, जिसमें लगभग 13 स्टेशन विकसित किए जाने की योजना है। अधिकांश स्टेशन एलिवेटेड होंगे, जबकि घनी आबादी और प्रमुख यातायात क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए कुछ हिस्सों में विशेष निर्माण तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
वर्तमान में मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा निर्माण संबंधी गतिविधियों को काफी तेज गति से किया जा है। दूसरी ओर, भोपाल रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बन रहा अंडरग्राउंड सेक्शन परियोजना का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। यहां भूमिगत सुरंग और स्टेशन निर्माण का कार्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से किया जा रहा है।
मेट्रो परियोजना पूरी होने के बाद शहर में ट्रैफिक दबाव कम होने, यात्रा समय घटने और प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलने की उम्मीद है। ब्लू लाइन शुरू होने पर न्यू मार्केट, और भेल जैसे प्रमुख क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है।
