मुंबई, 25 जून (वार्ता) केंद्र सरकार वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में प्रतिभूतियों की बिक्री से 3.36 लाख करोड़ रुपये जुटायेगी।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने गुरुवार को प्रतिभूतियों की बिक्री का तिमाही कैलेंडर जारी किया। कुल 14 किस्तों में 3,36,000 करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियां बेचने की योजना है। इनमें 91 दिन, 182 दिन और 364 दिन की मियाद वाली प्रतिभूतियां शामिल हैं।
जुलाई और सितंबर में पांच-पांच किस्तों में और अगस्त में चार किस्तों में सरकारी प्रतिभूतियों की नीलामी होगी।
कैलेंडर के मुताबिक, 91 दिन की मियाद वाली प्रतिभूतियों की बिक्री से 1.26 लाख करोड़ रुपये पूंजी जुटाई जायेगी। वहीं, 182 दिन की परिपक्वता अवधि वाली बेचकर 1.12 लाख करोड़ रुपये की और 364 दिन की परिपक्वता वाली 98 हजार करोड़ रुपये की प्रतिभूति जुटाने की योजना है।
आरबीआई ने बताया कि केंद्र सरकार के परामर्श से ट्रेज़री बिलों की नीलामी की निर्धारित राशि और समय में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जा सकेगा। यह परिवर्तन केंद्र सरकार की आवश्यकताओं, विकसित होती बाजार परिस्थितियों तथा अन्य प्रासंगिक कारकों को ध्यान में रखते हुए, बाजार को उचित पूर्व सूचना देकर किया जा सकेगा।
सरकार ने चालू वित्त वर्ष के बजट में वित्तीय घाटे को 16,95,768 करोड़ रुपये पर सीमित रखने का लक्ष्य रखा है। यह सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 4.3 प्रतिशत है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष के पहले महीने यानी अप्रैल 2026 में वित्तीय घाटा 3,62,213 करोड़ रुपये रहा।
