
रीवा। दीपावली के त्यौहार को लेकर जगह-जगह दुकाने लगाई जा रही है और सडक़ो पर अतिक्रमण किया जा रहा है, जिसके चलते आवागमन बाधित हो रहा है. सोमवार को नगर निगम उडऩदस्ता दल ने कई जगह अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की.
गल्ला मंडी से गुरुद्वारा रोड तक दुकानदारों द्वारा आगे बढ़ाए गए शेड, अवैध निर्माण और बाहरी सामान को हटाने की कार्रवाई की गई. जिन दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सामान रखा गया था, उन्हें चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर जब्ती की कार्यवाही की जाएगी. इसके साथ ही चोरहटा तालाब के पास अस्थायी रूप से लगाए गए दुकानों को हटाया गया. निराला नगर मोड़ से कबाड़ की दुकान हटाई गई. बनकुइयां तिराहा एवं अस्पताल चैराहा से बिहारी होटल तक सडक़ किनारे की पटरी खाली कराई गई. वहीं ऑडिटोरियम के सामने फ्लाईओवर के नीचे लगाए गए ठेले और गुमटियों को भी हटाया गया. इसके साथ ही बिना अनुमति के हो रहे निर्माण कार्य की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वार्ड क्रमांक 04 चोरहटा में राधा कृष्ण मंदिर के पास जारी निर्माण कार्य को रोका गया. उक्त कार्यवाही में अतिक्रमण प्रभारी रावेंद्र शुक्ला, अतिक्रमण सहायक सुखेन्द्र चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र द्विवेदी एवं अतिक्रमण अमला मौजूद रहा.
