
परासिया। कफ सिरप कांड के बाद अब प्रशासनिक सख्ती कृषि क्षेत्र में भी दिखाई दे रही है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग परासिया ने खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग द्वारा गुणवत्ता नियंत्रण के तहत सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसानों को घटिया और मिलावटी सामग्री से बचाया जा सके। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विनायक नागदवने ने स्पष्ट कहा कि जो भी विक्रेता नियमों को ताक पर रखकर भंडारण या वितरण में अनियमितता बरतेंगे, उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि विभाग अब किसी तरह की लापरवाही या हेराफेरी बर्दाश्त नहीं करेगा। यह विशेष अभियान 15 दिसंबर तक पूरे विकासखंड परासिया में चलाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान दुकानों से खाद, बीज और कीटनाशक के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। विभाग का रुख साफ है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर अब गाज गिरेगी। परासिया क्षेत्र में प्रशासन की यह सख्ती साफ संकेत दे रही है कि अब चाहे मेडिकल स्टोर हों या कृषि से जुड़ी दुकानें, गुणवत्ता से समझौता करने वालों की खैर नहीं।
