बालाघाट: सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब कान्हा टाइगर रिजर्व में विलुप्त हो चुके जंगली भैंसों का सफल पुनर्स्थापन किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत असम से लाए गए जंगली भैंसों को कान्हा के अनुकूल वातावरण में बसाया गया है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पहल को राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए पत्रकारों से कहा कि यह केवल वन्यजीव संरक्षण की दिशा में ही नहीं, बल्कि राज्यों के बीच सहयोग का भी एक सशक्त उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और असम के बीच वन्यजीव आदान-प्रदान से जैव-विविधता संरक्षण को नई गति मिलेगी।मुख्यमंत्री ने बताया कि जंगली भैंसों के आगमन से पारिस्थितिकी तंत्र में संतुलन मजबूत होगा और वन संपदा को भी नई समृद्धि मिलेगी। यह परियोजना भविष्य में अन्य दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण और पुनर्स्थापन के लिए भी मार्ग प्रशस्त करेगी।
