जबलपुर: कटंगी रोड रिमझा स्थित सेंट अलॉयसियस स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आज विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने मोर्चा खोलते हुए दीनदयाल चौक पर प्रदर्शन किया। हिंदू संगठनों ने स्कूल प्रशासन पर वहां काम करने वाले दलित कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने और उन पर धर्मांतरण के लिए मानसिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
आज मंगलवार सुबह 10 बजे से ही सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता दीनदयाल चौक पर एकत्रित होना शुरू हो गए थे। कार्यकर्ताओं का कहना था दलित भाइयों का अपमान नहीं सहेगे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। माहौल को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी और इस दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।बजरंग दल और विहिप के पदाधिकारियों ने दोटूक शब्दों में कहा कि शिक्षा के मंदिर की आड़ में दलितों का उत्पीड़न और अवैध धर्मांतरण का खेल अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
