इंदौर: शहर में नगर निगम ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर कई भवन सील करने की कार्रवाई की. आज नगर निगम ने शहर में 18 कोचिंग , लाइब्रेरी, औद्योगिक भवनों को सील किया. अभी तक नगर निगम अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं करने वाले 151 भवन सील कर चुका है.शहर में नगर निगम फायर विभाग एवं भवन अनुज्ञा शाखा द्वारा संयुक्त रूप से अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है. शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों की प्राथमिकता पर जांच की जा रही है.
निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के उपकरण, फायर फाइटिंग सिस्टम, आपातकालीन निकास एवं सुरक्षा साधन नहीं पाए गए. इसी कढ़ी में आज शहर के 18 संस्थानों पर कार्रवाई की गई. अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा अब तक अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले 151 भवनों को सील करने की कार्रवाई की जा चुकी है. आयुक्त क्षितिज सिंघल ने भवन स्वामियों एवं संस्थान संचालकों से अपील की है कि वे अपने परिसरों में निर्धारित अग्नि सुरक्षा उपकरण एवं व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से स्थापित करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में जन-धन की हानि को रोका जा सके.
इन संस्थानों को किया सील
चैंपियन कोचिंग एवं लाइब्रेरी,सी.एम.सी. कोचिंग,ए-1 बैंकिंग क्लासेस,सागर यादव क्लासेस, योर साइलेंस लाइब्रेरी, विनर्स इंस्टीट्यूट, एक्सीलेंस लाइब्रेरी,स्वाध्याय लाइब्रेरी, होटल आरव, स्वराज लाइब्रेरी, डिजिटल लाइब्रेरी, साईं लाइब्रेरी, सर्वज्ञान लाइब्रेरी, विद्या लाइब्रेरी, इन्फोटेक लाइब्रेरी, द अचीवर क्लासेस और सांवरिया लाइब्रेरी.
