झख़ौरा में विवादित जमीन पर निर्माणाधीन भवन जमींदोज

सतना: जिले के बरौधा क्षेत्र अंतर्गत झखौरा गांव में प्रशासन ने विवादित जमीन पर बने गुंबदनुमा भवन को ध्वस्त कर दिया। लालमन चौधरी उर्फ अब्दुल रहमान द्वारा निर्मित इस भवन को लेकर पारिवारिक विवाद था। पुलिस जांच में यहां मतांतरण गतिविधियां चलने की बात सामने आई। एसडीएम के आदेश पर हुई इस कार्रवाई में जेसीबी को तीन घंटे लगे, जिसमें पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

धारकुंडी थाना क्षेत्र के झखौरा गांव में जिस जमीन पर इस निर्माण को लालमन चौधरी उर्फ अब्दुल रहमान द्वारा कराया जा रहा था, उसको लेकर उनके स्वजन कामता चौधरी से पारिवारिक विवाद चल रहा है। दोनों ही इस भूमि पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं।कामता चौधरी की आपत्ति पर मझगवां के एसडीएम ने जांच कराने के बाद गत पांच जनवरी को इस विवादित भवन को सीज करने के साथ ही स्वामित्व विवाद का निराकरण होने तक स्थल की निगरानी ग्राम पंचायत द्वारा किए जाने का आदेश जारी किया था।

हालात उस समय बिगड़े जब लालमन चौधरी उर्फ अब्दुल द्वारा उक्त स्थल पर गुंबदनुमा धार्मिक निर्माण शुरू करा दिया गया। इस पर प्रशासन ने निर्माण के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।इसी कड़ी में रविवार की सुबह मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, तहसीलदार बिरसिंहपुर शैलेन्द्र शर्मा, तहसीलदार मझगवां हिमांशु शुक्ला और एसडीओपी चित्रकूट की मौजूदगी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई में विवादित धार्मिक संरचना सहित पूरा भवन गिरा दिया गया।
 मतांतरण की गतिविधियां
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि इस निर्माणाधीन भवन में धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इसी कड़ी में मस्जिदनुमा गुंबद का निर्माण शुरू कराया गया। दरअसल, लालमन चौधरी ने कुछ वर्ष पूर्व स्वयं का मतांतरण कर अपना नाम अब्दुल रहमान रख लिया और बाद में अपने बेटे व रिश्तेदार का भी मतांतरण कराया। आरोप है कि यहां से अन्य लोगों के भी मतांतरण की कोशिशें की जा रही थीं।

Next Post

अनियंत्रित ई-रिक्शा ने पांच वाहनों को टक्कर मारी

Mon Feb 2 , 2026
सतना: शहर के सर्किट हाउस क्षेत्र में रविवार शाम एक अनियंत्रित ई-रिक्शा ने सड़क पर पांच बाइकों और पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। इस घटना में कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए। वहीं घटना होता देख चालक मौके से भाग निकला।प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा […]

You May Like