
बालाघाट। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले लखनादौन-बालाघाट-लांजी-खैरागढ़-रायपुर मार्ग को 6-लेन में विकसित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी एवं राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडे ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।
सांसदों ने बताया कि सिवनी जिले के लखनादौन से रायपुर तक का यह मार्ग दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार और पर्यटन के लिए बेहद अहम है। वर्तमान में बढ़ते यातायात दबाव के कारण जाम, दुर्घटनाओं का खतरा और यात्रा में देरी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि 6-लेन सड़क बनने से यातायात सुगम व सुरक्षित होगा, आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही यह मार्ग रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है, जिससे क्षेत्रवासियों को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद जगी है।
