10 सूत्रीय मांगों को लेकर सौसर तहसील कार्यालय पर कांग्रेस का धरना, MSP और प्रदूषण मुक्ति की मांग

सौसर। क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और किसानों की बदहाली के खिलाफ गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने तहसील कार्यालय के समक्ष धरना देकर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को महामहिम राज्यपाल के नाम 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।

*​सरकार किसानों को कर रही प्रताड़ित: विधायक विजय चौरे*

​धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक विजय चौरे ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार किसानों का शोषण कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों और मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ी है। विधायक ने याद दिलाया कि पिछले आंदोलनों के कारण ही कपास के दामों में बढ़ोतरी हुई थी और भविष्य में भी जनता के अधिकारों के लिए शासन-प्रशासन को झुकना पड़ेगा।

*MSP से लेकर अवैध धंधों पर रोक लगाने की मांग*

​ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र येमदे ने कहा कि पूर्व में कई बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते यह आंदोलन अनिवार्य हो गया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई गईं जिसमें प्रमुख रूप से गेहूं, चना, मक्का और मूंग की MSP पर तत्काल खरीदी शुरू की जाए। सहकारी समितियों में जबरन दस्तावेजों की अनिवार्यता और ऋण राशि से 10% ‘शेयर’ कटौती बंद हो। अघोषित बिजली कटौती बंद कर किसानों को दिन में कम से कम 10 घंटे बिना किसी रुकावट के बिजली दी जाए। इसके अलावा ज्ञापन में औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों से बढ़ रहे प्रदूषण का भी मुद्दा उठाया गया। जिसमे खैरी तायगांव-बोरगांव के औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले जहरीले पानी पर रोक लगाने के साथ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की गई है। श्रमिकों के हितों की बात रखते हुए ज्ञापन में कंपनियों में 8 घंटे का कार्य समय और कलेक्टर दर पर मजदूरी को सुनिश्चित करने की मांग की। इसी तरह स्थानीय मुद्दों में सांदीपनि विद्यालय में सीटें बढ़ाने और सौसर में नया एचपी गैस कार्यालय खोलने तथा क्षेत्र में बढ़ते जुआ, सट्टा, अवैध शराब और चोरियों पर तत्काल लगाम लगाने की मांग की गई है।

*​उग्र आंदोलन की चेतावनी*

​ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र यमदे ने स्पष्ट किया है कि यदि इन 10 सूत्रीय मांगों का निराकरण शीघ्र नहीं किया गया, तो कांग्रेस कमेटी और उसके अनुसांगिक संगठनों द्वारा चक्का जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

*इनकी रही प्रमुख उपस्थिति*

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी पांढुर्णा अध्यक्ष जतन उइके, विधायक विजय चौरे, डॉ. राजेंद्र येमदे, विलास जोगी, चन्द्रशेखर गुर्वे, सुनील भांगे, डॉ. राजेश सोमकुवर, देवेंद्र केदार, विट्ठल गायकवाड, राजीव चौधरी, विनायक मर्सकोल्हे, सतीश बोड़खे, अमरीश जैसवाल, कैलाश चौधरी, राहुल भक्ते, नीलिमा पाटिल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

अमेजन अपने एसोसिएट्स की सुरक्षा, स्वास्थ्य पर खर्च करेगा 2,800 करोड़

Thu Apr 23 , 2026
बेंगलुरु, 23 अप्रैल (वार्ता) ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन ने भारत में उसके साथ काम करने वाले एसोसिएट्स की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति की मजबूती के लिए 2,800 करोड़ रुपये (30 करोड़ डॉलर) के निवेश की घोषणा की है। कंपनी ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह साल 2030 […]

You May Like