बेंगलुरु, 23 अप्रैल (वार्ता) ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन ने भारत में उसके साथ काम करने वाले एसोसिएट्स की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति की मजबूती के लिए 2,800 करोड़ रुपये (30 करोड़ डॉलर) के निवेश की घोषणा की है। कंपनी ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह साल 2030 तक 35 अरब डॉलर की उसकी निवेश योजना का हिस्सा है जिसके तहत वह कारोबार का विस्तार करने के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित डिजिटाइज़ेशन, निर्यात में वृद्धि और रोजगार सृजन पर फोकस करेगी। इस दौरान उसके मुख्य कारोबार के साथ क्विक कॉमर्स नेटवर्क का विस्तार भी जारी रहेगा ताकि लोगों तक सामान जल्दी से जल्दी पहुंच सके। अमेजन ने पिछले साल भारत में दो हजार करोड़ रुपये (23.3 करोड़ डॉलर) का निवेश किया था और देश में 17 नये फुलफिलमेंट सेंटर, छः सॉर्टेशन सेंटर और 75 लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन खोले थे।
पिछले साल ही उसने अपनी क्विक कॉमर्स पेशकश एमेज़ॉन नाउ शुरू की थी, जिसके बाद मुख्य शहरों में सुरक्षित और तेज डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के लिए अमेजन के उपाध्यक्ष (ऑपरेशंस) अभिनव सिंह ने कहा, “हमारे नेटवर्क को हमारे लोग चलाते हैं। इसलिए हम अपने एसोसिएट्स की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक उन्नति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम आधुनिक प्रौद्योगिकी में भी निवेश करेंगे, ताकि हमारे ग्राहकों तक ज्यादा तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय डिलीवरी पहुंचाई जा सकें।” विज्ञप्ति में बताया गया है कि एआई और मशीन लर्निंग की मदद से परिचालन नेटवर्क को ज्यादा सुरक्षित और दक्ष बनाया जायेगा। ऑन-रोड सुरक्षा में सुधार लाने के लिए उपकरण तैनात किये जायेंगे जो डिलीवरी सर्विस पार्टनर्स और डिलीवरी एसोसिएट्स को असुरक्षित ड्राइविंग पर अलर्ट जारी करेंगे। आराम के लिए संकेत देंगे। ड्राइवर ऐप में बेहतर नैविगेशन भी दिया जायेगा।

