
सीधी। जिला अस्पताल सीधी में उपचार व्यवस्थाओं को लेकर मरीजों का भटकाव थमता नजर नहीं आ रहा है। इसकी बानगी जिला अस्पताल में देखने को मिली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया से रेफर होकर जिला अस्पताल लाई गई गोड़ाही निवासी राजकली कुशवाहा के हांथ में बाटल लगी हुई थी और परिजन उसे सहारा देकर जिला अस्पताल लेकर पहुचे। जिला अस्पताल में ड्रिप लगी महिला को पकडक़र ले जा रहे परिजनों की परेशानी देखकर वीडियो भी बनाया गया जो सोशल मीडिया में काफी तेजी से वायरल हो रहा है। यहां काफी भटकने के बाद यह बताया गया कि नए भवन में भर्ती करने के लिए मरीज को ले जाएं। महिला मरीज को स्टे्रचर तक न मिलने से करीब 100 मीटर हांथ में ड्रिप लगी होने के बाद परिजन पकडक़र नए अस्पताल भवन में ले गए। यहां भी बताया गया कि बेड नहीं है।
मजबूरी में महिला मरीज कमजोरी के चलते फर्श में ही लेट गई। मरीज राजकली ने बताया कि गुरुवार सुबह अचानक उसकी तबियत खराब हुई थी इसके बाद परिजन उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया ले गए। वहां तबियत ज्यादा बिगडऩे पर जिला अस्पताल सीधी भेजा गया। जिला अस्पताल के नए भवन में स्थित महिला वार्ड भर्ती होने के लिए भेजा गया लेकिन वहां बेड नहीं मिला। अस्पताल का कोई कर्मचारी भी कमजोरी हालत में लाई गई महिला की मदद के लिए नजर नहीं आया। मजबूरी में परिजन निजी अस्पताल लेकर रवाना हुए।
