जबलपुर: सिविल लाइन थाना अंतर्गत जंक्शन पेट्रोल पंप पर देर रात पेट्रोल डलवाने गए दो युवकों पर चार बदमाशों ने पथराव कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक सागर चौधरी निवासी कांचघर लालमाटी गंजीपुरा की एक कपड़े की दुकान में काम करता है। रात वह अपने दोस्त साहिल चौटेले के साथ अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने जंक्शन पेट्रोल पंप पहुंचा था। इसी दौरान वहां बाइक से आए दो अज्ञात लडक़ों ने बिना किसी बात पर विवाद शुरू कर दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने ईंट-पत्थर चलाते हुए हमला कर दिया। कुछ ही देर में एक अन्य मोटरसाइकिल पर दो और लडक़े वहां पहुंचे और चारों ने मिलकर सागर और साहिल पर हमला बोल दिया। इस हमले में सागर, साहिल को चोटें आ गई। पुलिस प्रकरण दर्ज कर अब पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
