
जबलपुर। गर्मी की दस्तक के साथ मौसम का मिजाज बदल गया है। दिन के साथ रातें गरम हो चली है। रविवार को सुबह से सूर्यदेव निकले रहे। सूरज की चमक से तपिश बढ़ गई और गर्मी का एहसास हुआ। कूलर, पंखे भी चलने लगे। मौसम विभाग की माने तो 11 मार्च तक दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना है । इसके साथ ही गर्मी भी अपने तेवर दिखायेगी।
मौसम विभाग की माने तो एक टूफ, माध्य समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी की ऊँचाई पर बिहार से झारखंड होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ तक विस्तृत है। जम्मू-कश्मीर के ऊपर माध्य समुद्र तल से लगभग 12.6 किमी की ऊँचाई पर लगभग 167 किमी, घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ आज से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।इसके अलावा 11 मार्च तक जिले में दिन का तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और रात का पारा 17 से 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। आने वाले दो हफ्तों में वर्षा नहीं होने और दिन एवं रात के तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है।
भरपूर पानी पिएं, सीधे धूप में रहने से बचे-
गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने सुझाव जारी किए है। मौसम विभाग की अपील है कि दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएँ और शरीर को हाइड्रेट रखें। इसके साथ ही सीधे धूप में रहने से बचने की सलाह दी है। साथ ही हल्के वजनी, हल्के रंग और ढीले सूती कपड़े पहनें और बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखने की सलह दी है।
ऐसा रहा तापमान-
रविवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 67 और शाम को 30 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्व हवाएं 4 किमी प्रतिघंटा की रफ्तारी से चली।
