इंदौर: रावजी बाजार थाना क्षेत्र की जबरन कॉलोनी में पानी की टंकी से 35 वर्षीय पेंटर का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान पप्पू मालवीय के रूप में हुई है, जो पिछले रविवार से लापता था. पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है.जबरन कॉलोनी निवासी पप्पू मालवीय को आखिरी बार रविवार को देखा गया था. इसके बाद से वह लापता था. शनिवार को कॉलोनी में स्थित पानी की टंकी से तेज दुर्गंध आने पर रहवासियों ने अंदर देखा तो शव दिखाई दिया.
सूचना मिलने पर रावजी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. टंकी का मुंह छोटा होने से शव निकालने में परेशानी हुई. पुलिस और नगर निगम की टीम ने टंकी की फर्शी तुड़वाई और मोटर से पानी खाली कराया. इसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पप्पू घर में अकेला रहता था.
उसकी पत्नी और बेटी कुछ समय पहले अलग हो चुके हैं, जबकि अन्य परिजन बद्रीनाथ यात्रा पर गए हुए हैं. पुलिस ने उन्हें घटना की सूचना दे दी है. पुलिस के अनुसार, अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि युवक की मौत हादसा है, आत्महत्या या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. रावजी बाजार थाना पुलिस के अनुसार, पानी की टंकी से युवक का शव मिला है. मर्ग कायम कर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
