इंदौर: अन्नपूर्णा पुलिस ने चेन स्नेचिंग की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयोग चोरी की मोटरसाइकिल और महिला से छीनी गई दो तोले वजन की सोने की चेन बरामद की है.घटना मिश्रनगर कॉलोनी में रहने वाली राधा गेहलोद के साथ उस समय हुई जब वह मंदिर से लौट रही थीं, तभी उनके घर के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने गले से चेन झपट ली और भाग निकले.
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी अजय कुमार नायर ने फरियादी और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाकर तत्काल टीम बनाई. पुलिस ने 60 फीट रोड सुदामानगर क्षेत्र में दोनों संदिग्धों को देखा और घेराबंदी की. खुद को घिरा देख बदमाश मोटरसाइकिल से भागने लगे, लेकिन दशहरा मैदान के पास गिरकर घायल हो गए और पकड़े गए. पूछताछ में उन्होंने मिश्रनगर में हुई चेन स्नेचिंग का जुर्म कबूल कर लिया.
थाना प्रभारी अजय नायर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 29 वर्षीय माधव बोराडे निवासी गुरुशंकर नगर और 23 वर्षीय रंजीत पंचोले निवासी ऋषि पैलेस हैं. माधव के खिलाफ लूट और चोरी के 11 प्रकरण दर्ज हैं, जबकि रंजीत पर आठ अपराध (आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामले) दर्ज हैं. आरोपी माधव वही शातिर चेन लुटेरा है जो दो साल पहले जूनी इंदौर में पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से कूद गया था, जिसके बाद उसके पैरों में रॉड डाली गई थी. नायर ने यह भी बताया कि दोनों ने घटना के लिए सपना–संगीता क्षेत्र से चोरी की गई बाइक एमपी 09 एनडब्ल्यू 6634 का उपयोग किया था.
