
बैतूल। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को इंदौर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को कोतवाली क्षेत्र में दो व्यक्तियों से अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर जब्त की गई थी, जिसके बाद प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी सामने आई।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में टीम को इंदौर भेजा गया, जहां से ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपेंद्र उर्फ बॉबी (26), निवासी किंग्स पार्क न्यू गौरी नगर थाना हीरानगर इंदौर तथा आशुतोष उर्फ आशु (28), निवासी इंडस ग्रीन सैटेलाइट देवास नाका थाना लसूडिया इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार 750 रुपये नकद भी जब्त किए हैं, जिसे अवैध मादक पदार्थों की बिक्री से जुड़ा माना जा रहा है। कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक राकेश सरयाम, उप निरीक्षक छत्रपाल, प्रधान आरक्षक शिव उइके, आरक्षक अनुरुद्ध यादव, आरक्षक नितिन चौहान और आरक्षक दीपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
