भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लोकतांत्रिक मूल्यों, सांस्कृतिक आस्था और ज्ञान के महत्व को रेखांकित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक साथ कई महत्वपूर्ण संदेश दिए। उन्होंने जहां पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान को लोकतंत्र का महापर्व बताते हुए मतदाताओं से अपने अधिकार का प्रयोग करने की अपील की, वहीं गंगा सप्तमी और विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव केवल अधिकार नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य भी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे राज्य की प्रगति, बेहतर नागरिक जीवन और सुशासन के लिए अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें। उन्होंने भ्रष्टाचार, शोषण और अत्याचार मुक्त तथा सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए राष्ट्रहित में मतदान करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट माताओं-बहनों की सुरक्षा और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसी क्रम में सीएम डॉ यादव ने गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए माँ गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने भागीरथ के तप से धरती पर अवतरित मोक्षदायिनी गंगा के चरणों में नमन करते हुए प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी पर बनी रहे और हर जीवन सुख-समृद्धि से परिपूर्ण हो।साथ ही, विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुस्तकों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पुस्तकें केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि अनुभव, ज्ञान और प्रेरणा का अनमोल खजाना हैं। उन्होंने लोगों से पुस्तकों के साथ जुड़ने, निरंतर सीखने और वैचारिक समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
