
भोपाल।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आज बीएचईएल, भोपाल स्पोर्ट्स क्लब में एकता दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप कुमार उपाध्याय, महाप्रबंधक एवं इकाई प्रमुख, बीएचईएल भोपाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में टी.यू. सिंह, महाप्रबंधक (मानव संसाधन); सभी महाप्रबंधकगण; डीआरओएस; यूनियनों के प्रतिनिधि; वी.एस. चौहान, अपर महाप्रबंधक (खेल); प्रशांत पाठक, अपर महाप्रबंधक (टीएडी); आरिफ अहमद सिद्दीकी, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सहित अनेक अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।
भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार फिट इंडिया फ्रीडम रन 6.0 का आयोजन देशभर में 2 से 31 अक्टूबर 2025 तक “स्वच्छता और स्वास्थ्य” विषय पर किया गया। इस पहल का उद्देश्य दौड़, पैदल चलना और अन्य फिटनेस गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम की शुरुआत में उपाध्याय ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि बीएचईएल भोपाल इकाई में अक्टूबर माह के दौरान फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत “स्वच्छता एवं स्वास्थ्य” विषय पर विभिन्न खेल और फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हर वर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिनकी देश की एकता और अखंडता में भूमिका सदैव प्रेरणादायक रहेगी। उपाध्याय ने सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सिंह ने कहा कि सभी कर्मचारी उसी उत्साह और समर्पण के साथ अपने कार्य क्षेत्र में योगदान देते रहें ताकि संस्था निरंतर प्रगति कर सके।
कार्यक्रम का समन्वय और धन्यवाद ज्ञापन उपेंद्र कुमार सिंह, अपर महाप्रबंधक (प्रचार एवं जनसंपर्क) द्वारा किया गया।
