सतना : एक कुत्ता कितना आतंक फैला सकता है इसकी एक बानगी बुधवार को शहर में देखने को मिली. शहर के गहरानाला क्षेत्र से लेकर अस्पताल चौक तक के क्षेत्र में जहां तहां भागते हुए उस कुत्ते ने 2 दर्जन से अधिक लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया. जिसका नतीजा यह हुआ कि जिला चिकित्सालय में उपचार कराने के लिए लोगों की कतार लगी रही.प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर बाद एक सफेद रंग का आवारा कुत्ता अचानक पागलों जैसी हरकत करने लगा.
बताया गया कि सबसे पहले गहरा नाला क्षेत्र में उस कुत्ते ने बिना वजह ही पास से गुजर रहे दो लोगों पर बुरी तरह झपट पड़ा. हलांकि आस पास मौजूद लोगों द्वारा पत्थर और डंडे की मदद से डराने के बाद कुत्ता वहां से भाग गया. लेकिन तब तक दोनों लोगों का पैर लहुलुहान हो चुका था. इसी कड़ी में कुत्ता गहरा नाला से भागते हुए रीवा रोड की ओर पहुंचा. जहां पर एक एक करके उसने एक व्यापारी सहित 3 लोगों को काट लिया. वहां से भगाए जाने पर कुत्ता कृष्णनगर रोड की ओर पहुंच गया.
इस दौरान रास्ते में उसे जो भी नजर आता वह झपट पड़ता. जिसके बाद वह कुत्ता जगतदेव तालाब रोड से होते हुए अस्पताल चौक तक भागता रहा. इस दौरान उसने 2 दर्जन से अधिक लोगों पर हमला किया. कुत्ते के काटने से घायल होने वालों में पुरुष, महिला, बच्चे और वृद्ध सभी शामिल रहे. प्रभावितों में से कुछ को तो गहरे घाव भी हो गए थे. इस घटना का असर यह रहा कि देखते ही देखते जिला चिकित्सालय में उपचार कराने वालों की लंबी कतार लगनी शुरु हो गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरएमओ डॉ. शरद दुबे भी अस्पताल की ओपीडी और माइनर ओटी में पहुंच गए. कुत्ते के काटने से घायल सभी लोगों को टिटनेस और एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए जाने लगे. वहीं कुछ घायलों की चोट को देखते हुए उन्हें भर्ती होने की सलाह दी गई. इस घटना से आक्रोशित लोगों ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चाहे आवारा मवेशियों का मामला हो अथवा कुत्तों का जिम्मेदारों द्वारा कभी कोई कार्रवाई नहीं की जाती.
मचा रहा हडक़ंपजिला चिकित्सालय में कुत्ते के काटने से संबंधित मरीजों की बाढ़ आती देख वहां पर मौजूद स्टॉफ के भी हाथ-पैर फूलने लगे. आलम यह रहा कि कुछ लोगों को पर्ची जनरेट करने के बाद भीड़ को देखते हुए सादे कागज पर ही नाम लिख कर उपचार के लिए थमाया जाने लगा. अस्पताल पहुंचने वाले लोगों में नीरज मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह, वंदना केशरवानी, रज्जू वर्मा, अब्दुल सलीम, संदरलाल चौधरी, मोहम्मद नसीम, मोहम्मद तौफीक, रामनिवास वर्मा, नुसरत साहनी महेश गुप्ता, संजय खरे, सौरभ पाण्डेय, राजेंद्र गुप्ता, मोहम्मद ताहिर, राजेंद्र कुरील, दीप नारायण वर्मा, जैकब सिद्दीकी और रामसूरत कुशवाहा सहित अन्य शामिल रहे
