हादसों का बुधवार : अलग अलग सड़क दुर्घटना में 6 की मौत डेढ़ दर्जन से अधिक घायल

सतना: सतना और मैहर जिले में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर कई दर्दनाक सडक़ हादसे हुए। कहीं तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की टक्कर में जान चली गई, तो कहीं वाहन पलटने और भिड़ंत में लोग घायल हो गए। दिनभर जिले में हादसों की खबरें आती रहीं।सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर कोठी थाना क्षेत्र के बगिया मोड़ के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दादूलाल रैकवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी भाभी रेशू गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में रेशू ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में 5 वर्षीय बच्चा घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक ओवरटेक करते समय गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
ट्रक नहर में गिरा, 3 की मौत
रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-39 के नेमुआ मोड़ के पास बुधवार सुबह सरिया से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में गिर गया। हादसे में चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और शव अंदर फंस गए थे। पुलिस ने क्रेन और कटर मशीन की मदद से करीब 4 घंटे रेस्क्यू चलाकर शव बाहर निकाले। दो मृतकों की पहचान दिलीप केवट और विष्णु केवट के रूप में हुई है, जबकि तीसरे की पहचान नहीं हो सकी है।

बस ट्रक में टक्कर
बुधवार सुबह यात्रियों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा सतना नदी के पास हुआ। बस सतना से अमरपाटन जा रही थी। टक्कर से बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो यात्री बिमला और सुरेश कुमार पांडेय घायल हुए। अन्य सभी यात्री सुरक्षित रहे। प्राथमिक कार्रवाई के बाद बस को करीब आधे घंटे बाद फिर रवाना कर दिया गया।

कार ट्रैक्टर की भिड़ंत
सतना नदी के पास बुधवार को कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बताया गया कि कार सवार लोग शादी समारोह में शामिल होकर प्रतापगढ़ जा रहे थे। हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
कार पलटी, 2 गंभीर
मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 के पाल मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार लोग उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से शादी समारोह में शामिल होकर नागपुर जा रहे थे। सूचना मिलने पर हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया।

बाइक को बुलेरो ने मारी टक्कर
मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में बिहारी बाग के पास अज्ञात बुलेरो वाहन ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। बाइक पर सवार महिला सहित दो लोग घायल हुए हैं। दोनों अमरपाटन से रामनगर जा रहे थे।

हाइवा ने बाइक सवार को कुचला
सतना के सोहावल बायपास पर बुधवार को भीषण सडक़ हादसा हुआ। हाइवा वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Post

स्वच्छता का संदेश देते हुए लिया प्रकृति संरक्षण संकल्प

Thu Apr 23 , 2026
भैरूंदा। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में अनेक जल संरक्षण एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. इसी क्रम में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर शासकीय संदीपनी स्कूल द्वारा नर्मदा नदी के नीलकंठ घाट पर नदी को जानो कार्यक्रम आयोजित किया […]

You May Like