जबलपुर: जिला प्रशासन द्वारा अवैध रेत कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशों पर खनिज विभाग की टीम ने शहपुरा तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई कर तीन हाईवा को जब्त कर नदी में चल रही नावों को नष्ट किया गया। जानकारी के अनुसार खनिज अधिकारी ए के राय और खनिज निरीक्षक विवेकानंद यादव ने विभागीय अमले के साथ पावला और जुगपुरा ग्रामों के नदी घाटों का औचक निरीक्षण किया तथा रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे 3 बड़े हाईवा वाहनों को पकड़ा। दस पहिया के इन हाइवा को जब्त कर सुरक्षा के लिए बेलखेड़ा थाने की अभिरक्षा में खड़ा करवा दिया गया है।
रेत निकालने वाली नाव की नष्ट
अवैध खनन पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने नदी के किनारों पर रखी उन नावों को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिनका उपयोग चोरी-छिपे रेत निकालने के लिए किया जाता था। खनिज विभाग ने साफ कर दिया है कि जिले में खनन माफिया के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
