निफ्टी-50 चालू वित्त वर्ष में 31 हजार तक पहुंच सकता है: ओमनीसाइंस कैपिटल

मुंबई, 22 अप्रैल (वार्ता) निवेश सलाह कंपनी ओमनीसाइंस कैपिटल का कहना है कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 31 हजार अंक तक पहुंच सकता है। ओमनीसाइंस कैपिटल की बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मौजूदा वित्त वर्ष के लिए निफ्टी-50 को प्रति शेयर लगभग 1,280 रुपये से 1,320 रुपये की आय होने का अनुमान है। यह मानते हुए कि मूल्य बनाम आय गुणांक 22 से 24 की सीमा के भीतर रहेंगे, सूचकांक के मार्च 2027 के अंत तक 28,000 से 31,000 के दायरे में पहुंचने की उम्मीद है जो मौजूदा स्तर से 15 से 25 प्रतिशत तक अधिक है। प्रेस विज्ञप्ति में बाजार की संभावित ‘री-रेटिंग’ की संभावना पर भी जोर दिया गया है, जो भू-राजनीतिक तनाव में कमी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, मजबूत होते रुपये और मुद्रास्फीति के अनुकूल परिदृश्य जैसे कारकों से प्रेरित है।

ओमनीसाइंस कैपिटल का मानना है कि ये कारक रिजर्व बैंक को ब्याज दरें यथावत बनाये रखने का अवसर दे रहे हैं। इसके साथ ही, विदेशी संस्थागत निवेशकों से नये प्रवाह भी बढ़ सकते हैं। कंपनी का कहना है कि पिछले 25 साल में निफ्टी-50 ने लाभांश सहित लगभग 14.26 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर हासिल की है। हालांकि इस अवधि में बाजार ने बीच-बीच में तेज, लेकिन अपेक्षाकृत कम समय तक टिकने वाली गिरावट भी देखी है, फिर भी कुल मिलाकर यह रुझान लगातार आय वृद्धि और समय के साथ मिले तरलता समर्थन को दर्शाता है। ओमनीसाइंस कैपिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मुख्य निवेश रणनीतिकार विकास वी. गुप्ता का मानना है कि बाजार इस समय काफी कम मूल्य पर है। भले ही आय वृद्धि दर मध्यम रहे, फिर भी यह उन दीर्घकालिक निवेशकों को बहुत फायदा दे सकता है जिनमें बाजार की अस्थिरता को झेलने की क्षमता है।

Next Post

आसूस ने लॉन्च किया एआई-संचालित 'एक्सपर्टबुक अल्ट्रा'

Wed Apr 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (वार्ता) आसूस ने बुधवार को भारत में अपने नये एआई-संचालित फ्लैगशिप लैपटॉप ‘एक्सपर्टबुक अल्ट्रा’ को लॉन्च करने के साथ ही एक्सपर्टबुक पी-सीरीज पोर्टफोलियो का विस्तार किया। कंपनी ने बताया कि एक्सपर्टबुक अल्ट्रा एक कोपायलट लैपटॉप है, जिसे विशेष रूप से वरिष्ठ कॉर्पोरेट अधिकारियों और व्यवसाय से […]

You May Like