
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड की भोपाल इकाई में डिजिटल संचार व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) प्रणालियों का शुभारंभ किया गया। यह पहल भेल में डिजिटल परिवर्तन कार्यक्रम को गति देने के उद्देश्य से की गई है।
नवनिर्मित वीसी प्रणालियों का उद्घाटन भेल भोपाल के कार्यपालक निदेशक पी. के. उपाध्याय ने महाप्रबंधकों, डीआरओ तथा विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में किया। यह परियोजना पीसी-आधारित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम के लिए कॉर्पोरेट स्तर पर किए गए रेट कॉन्ट्रैक्ट के अंतर्गत लागू की गई है, जिसमें डीटीजी भोपाल ने भेल की सभी इकाइयों के लिए लीड प्रोक्योरमेंट एजेंसी की भूमिका निभाई।
परियोजना के तहत देशभर में भेल की विभिन्न इकाइयों, क्षेत्रीय कार्यालयों और परियोजना स्थलों पर कुल 174 वीसी कक्ष स्थापित किए गए हैं। भेल भोपाल में सात उन्नत वीसी प्रणालियां शुरू की गई हैं, जिनमें पांच उन्नत किए गए कॉन्फ्रेंस रूम तथा डीटीजी कॉन्फ्रेंस हॉल और विकास हॉल में दो नई उच्च क्षमता वाली वीसी सुविधाएं शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार रेट कॉन्ट्रैक्ट की पूरी प्रक्रिया का संचालन डीटीजी विभाग, भेल भोपाल द्वारा किया गया। इसमें विभिन्न इकाइयों की आवश्यकताओं का समन्वय, तकनीकी विनिर्देशों को अंतिम रूप देना, बजट स्वीकृति, सरकारी ई-मार्केटप्लेस के माध्यम से निविदा प्रक्रिया तथा एल-1 बोलीदाता को एलओआई जारी करना शामिल था।
इस परियोजना के क्रियान्वयन में संजीव कुमार, संजीव लुगुन और सतीश असनानी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें एन. पी. सनोदिया और विवेक पाठक का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इसके अतिरिक्त, इस रेट कॉन्ट्रैक्ट के तहत 953 क्लाउड-आधारित वीसी प्लेटफॉर्म लाइसेंस खरीदे गए हैं, जिनमें से 80 लाइसेंस भेल भोपाल के लिए हैं। नई क्लाउड-रेडी प्रणालियां जूम, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और सिस्को वेबेक्स जैसे प्लेटफॉर्म के साथ सहज रूप से कार्य करने में सक्षम हैं, जिससे दूरस्थ स्थानों के बीच बेहतर समन्वय और संवाद सुनिश्चित होगा।
