
सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में बुधवार को निकलने वाली कावड़ यात्रा से एक दिन पहले ही भारी अव्यवस्था और लापरवाही देखने को मिली। मंगलवार को रुद्राक्ष वितरण के दौरान मची भगदड़ में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं घायल हो गईं। मृतकों में एक की पहचान 56 वर्षीय जसवंती बहन (राजकोट, गुजरात) के रूप में हुई है। बताया गया कि बढ़ती भीड़ को देख रुद्राक्ष वितरण रोक दिया गया, जिससे धक्का-मुक्की शुरू हो गई और भगदड़ मच गई।
श्रद्धालुओं का आरोप है कि अव्यवस्था के दौरान समिति के कार्यकर्ताओं ने डंडों से उन्हें पीटा, जिससे कई लोगों को चोटें भी आईं। प्रशासन पहले भी रुद्राक्ष वितरण पर प्रतिबंध लगा चुका है, लेकिन विटठलेश सेवा समिति ने आदेशों की अवहेलना की।
घटना के बाद डीआईजी ओपी त्रिपाठी, कलेक्टर बालागुरु के. और एसपी दीपक शुक्ला मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा रही हैं।
ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यातायात मार्गों में समय से 10 घंटे पहले ही बदलाव कर दिया गया है, ताकि कावड़ यात्रा में किसी को असुविधा न हो।
