अनूपपुर: अनूपपुर जिले में जैतहरी से पेंड्रा रोड (बिलासपुर, छत्तीसगढ़) की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर तीन ट्रकों के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्राम लपटा के पास सुबह शुरू हुआ यह जाम पांच घंटे तक जारी रहा, जिससे यात्री और वाहन चालक बेहद परेशान रहे। बताया गया कि तीन अलग-अलग स्थानों पर ट्रक सड़क से नीचे पलट गए थे। इन हादसों के कारण बिलासपुर-अनूपपुर मुख्य मार्ग पर लगभग 2 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों तक फंसे रहे। सबसे ज्यादा परेशानी बसों में बैठे यात्रियों को हुई, जिनके लिए न तो पानी की व्यवस्था थी और न ही भोजन की। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार तीनों ट्रक अलग-अलग जगहों पर दुर्घटनाग्रस्त हुए थे, जिससे पूरे मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। उन्होंने बताया कि यात्री घंटों तक वहीं खड़े रहे, लेकिन मदद के कोई उपाय नहीं किए गए।
यातायात प्रभारी ज्योति दुबे ने जानकारी दी कि एक ट्रक पहले से दुर्घटनाग्रस्त था और मार्ग पूरी तरह से बाधित हो चुका था। इस बीच वेंकटनगर से पेंड्रा की ओर जा रहा एक दूसरा ट्रेलर बैक करते समय बीच सड़क में फंस गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
