
बेगमगंज। सकल नेमा समाज एवं नेमा नवयुवक मंडल द्वारा श्री बिहारी मंदिर गांधी बाजार में अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह प्रभात फेरी व शोभायात्रा निकाली गई, इसके बाद अन्नकूट दर्शन, महा आरती और भव्य महाप्रसादी का आयोजन हुआ। नेमा समाज के 40 परिवारों ने अपने घरों से तीन-तीन प्रकार के व्यंजन बनाकर भगवान को अर्पित किए। मंदिर परिसर में गोवर्धन महाराज की आकर्षक झांकी सजाई गई और भक्तों ने कीर्तन-भजन के साथ परिक्रमा लगाई। समाज की कन्याओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र पटेल, पूर्व नपाध्यक्ष मलखान सिंह जाट, संतोष कांड्या, अजय जाट, सुदर्शन घोषी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन में समाज के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
