
सिलवानी। आजादी के 76 वर्ष बीतने के बावजूद ग्राम पंचायत देवरी मढ़िया के ग्राम मढ़िया में आज तक मुक्तिधाम का निर्माण नहीं हो सका है। सरकारी उदासीनता के कारण ग्रामीणों को परिजनों के अंतिम संस्कार में कठिनाई झेलनी पड़ती है। हाल ही में जानकी बाई मेहरा के निधन पर बारिश के कारण शव को एक दिन तक रखना पड़ा, क्योंकि अंतिम संस्कार का उचित स्थान नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यह समस्या दोहराई जाती है और लोग मजबूरी में अपने खेतों में अंत्येष्टि करते हैं। कई बार तहसीलदार और एसडीएम को आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। देवीसिंह रघुवंशी, कमलेश रघुवंशी, हीरालाल सेन सहित ग्रामीणों ने जल्द मुक्तिधाम निर्माण की मांग की है ताकि मृतकों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार हो सके।
