मोदी ने देवभूमि जाने वाले श्रद्धालुओं को लिखी चिट्ठी, पांच संकल्प लेने को कहा

नयी दिल्ली 22 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि केदारनाथ धाम और चारधाम यात्रा भारत की अटूट आस्था, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के सम्मान का दिव्य उत्सव है। श्री मोदी ने उत्तराखंड देवभूमि में श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के पवित्र अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनांए देते हुए यात्रा के लिए आने वाले श्रृद्धालुओं के नाम पत्र लिखकर पांच संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि इन तीर्थयात्राओं से देश की शाश्वत विरासत और आध्यात्मिक चेतना के दर्शन होते हैं। प्रधानमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में अपना यह पत्र साझा किया है।

श्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा है ,” देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है। इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं।इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें। हर-हर महादेव!”

पत्र में उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाये रखने, नदियों की सफाई में योगदान, प्लास्टिक का उपयोग न करने, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संकल्प लेने को कहा है। श्री मोदी ने सेवा, सहयोग और एकता पर भी बल दिया है और लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों की खरीद करें। उन्होंने यह भी अपील की कि वे नियमों और यातायात के निर्देशों का पालन करें ताकि यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाया जा सके। प्रधानमंत्री ने लोगों से यह भी कहा है कि वे उत्तराखंड की लोक कथाओं और लघु परंपराओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करें।

 

 

Next Post

चुनाव आयोग से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल, खरगे के खिलाफ की कार्रवाई की मांग

Wed Apr 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (वार्ता) संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधमंडल ने बुधवार को यहां चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर शिकायत की तथा उनके खिलाफ […]

You May Like